राज्यमंत्री की पहल से कश्मीर में मृत ऑपरेटर के परिजनों को मिला मुआवजा
₹16.83 लाख का चेक सौंप परिजनों के पोछे आँसू
खेतासराय (जौनपुर):
जम्मू-कश्मीर में काम के दौरान दुर्घटना में मारे गए जौनपुर निवासी क्रेशर ऑपरेटर विकास पासवान के परिवार को आखिरकार न्याय और राहत मिली। उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव के हस्तक्षेप के बाद सोमवार को मृतक के परिजनों को ₹16.83 लाख का मुआवजा प्रदान किया गया।
मूल रूप से एतमादपुर, खेतासराय निवासी विकास पासवान शिवालय कंस्ट्रक्शन कंपनी में कार्यरत थे। बीते 12 जुलाई 2024 को कार्य के दौरान उनकी मौत हो गई थी। परिजनों का आरोप था कि यह दुर्घटना कंपनी की लापरवाही के कारण हुई, और हादसे के बाद कंपनी ने किसी प्रकार की आर्थिक सहायता नहीं दी। इस संबंध में विजयपुर थाने (जम्मू-कश्मीर) में एफआईआर दर्ज कराई गई थी।
परिवार को न्याय दिलाने के लिए राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल मनोज सिन्हा को पत्र लिखा और श्रम विभाग से संपर्क कर मामले में गंभीरता से दखल दिया। परिणामस्वरूप, मृतक के परिजनों को कर्मचारी प्रतिकर अधिनियम के तहत 16.83 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत हुई।
सोमवार को मंत्री स्वयं चेक लेकर खेतासराय पहुंचे और मृतक की माता रामुंता देवी व पिता इंद्रजीत पासवान को चेक सौंपते हुए ढांढस बंधाया। इस दौरान परिजनों की आंखें नम थीं और ग्रामीणों में मंत्री के इस मानवीय प्रयास की सराहना की गई।
इस अवसर पर सहायक श्रम आयुक्त देवव्रत यादव, मंत्री प्रतिनिधि अजय सिंह, उपेंद्र मिश्र, पूर्व जिला पंचायत सदस्य हरेंद्र यादव समेत कई अन्य लोग मौजूद रहे।


