Jaunpur News:रामपुर थाने के कर्मठ हेड कांस्टेबल त्रिलोकी नाथ सिंह को भावभीनी विदाई

रामपुर थाने के कर्मठ हेड कांस्टेबल त्रिलोकी नाथ सिंह को भावभीनी विदाई
जौनपुर। जनपद के रामपुर थाना परिसर में शनिवार को एक मार्मिक दृश्य देखने को मिला, जब वर्षों से अपनी ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासित कार्यशैली के लिए पहचाने जाने वाले हेड कांस्टेबल त्रिलोकी नाथ सिंह का गैर जनपद स्थानांतरण होने पर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई।
सिधवन चौकी प्रभारी अजय कुमार शर्मा ने उन्हें माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर विदाई दी। जैसे ही त्रिलोकी नाथ सिंह को विदाई दी गई, माहौल भावुक हो उठा। साथी पुलिसकर्मियों की आंखों से अश्रु छलक उठे। यह विदाई सिर्फ एक औपचारिकता नहीं, बल्कि उनके प्रति सम्मान और स्नेह की सच्ची अभिव्यक्ति थी।
त्रिलोकी नाथ सिंह का अब तक का कार्यकाल अनुकरणीय रहा है। वे न केवल एक कर्तव्यपरायण पुलिसकर्मी रहे, बल्कि अपने सौम्य व्यवहार, जनता से जुड़ाव और सहयोगी भावना के लिए भी जाने जाते हैं। उनके द्वारा किए गए कार्यों ने पुलिस विभाग की छवि को सुदृढ़ करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
इस विदाई समारोह में रामपुर थाने के हेड मोहर्रिर अभिषेक पूरी, पुलिसकर्मी अनिरुद्ध सिंह, सुरेश यादव,आशीष सिंह कमलेश राव, जितेंद्र यादव ,चंद्रकांत सिंह के साथ साथ वरिष्ठ पत्रकार शीतला जायसवाल, बृजराज चौरसिया, जय सिंह,मनोज कुमार सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सभी ने त्रिलोकी नाथ सिंह को स्मृति चिन्ह भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
वर्तमान समय में जब पुलिस व्यवस्था को लेकर जनमानस में अनेक प्रकार की धारणाएं बनती हैं, ऐसे में त्रिलोकी नाथ सिंह जैसे कर्मठ अधिकारी मिसाल के रूप में सामने आते हैं। उनकी विदाई ने यह स्पष्ट कर दिया कि ईमानदारी, सादगी और समर्पण आज भी समाज में मान्यता पाता है।