रामपुर में संघ का शताब्दी वर्ष समारोह कल, होगा भव्य पथ संचलन व शस्त्र पूजन
हृदयनारायण शिव मंगल एकेडमी से उत्तर पड़ाव तक निकलेगा पूण्य गणवेश में पथ संचलन
रामपुर, जौनपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में कल दिनांक 10 अक्टूबर, शुक्रवार को एक भव्य पथ संचलन का कार्यक्रम पूण्य गणवेश में आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन जौनपुर जिले के रामपुर क्षेत्र में स्थित हृदयनारायण शिव मंगल एकेडमी से प्रारंभ होकर उत्तर पड़ाव नहर तक जाएगा और पुनः एकेडमी परिसर में लौटकर समापन होगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 3 बजे निर्धारित है। इसमें बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों की सहभागिता रहने की उम्मीद है, जो पूर्ण गणवेश में अनुशासन के साथ संचलन में भाग लेंगे। इस अवसर पर शस्त्र पूजन का आयोजन भी किया जाएगा, जो संघ की परंपरा का एक महत्वपूर्ण अंग है।
इस विशेष अवसर पर क्षेत्रीय स्तर के कई वरिष्ठ कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक, शिक्षाविद् और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल संघ की वैचारिक परंपरा और राष्ट्र सेवा के 100 वर्षों को स्मरण करना है, बल्कि युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी हेतु प्रेरित करना भी है।
हृदयनारायण शिव मंगल एकेडमी के प्रबंधन और संघ के कार्यकर्ताओं द्वारा कार्यक्रम की तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था एवं यातायात सुचारु बनाए रखने हेतु स्थानीय प्रशासन का सहयोग भी सुनिश्चित किया गया है।
संघ के शताब्दी वर्ष में यह कार्यक्रम रामपुर क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है, जहाँ राष्ट्र सेवा, अनुशासन और सामाजिक समरसता के मूल्यों को जनमानस तक पहुँचाने का प्रयास किया जा रहा है।
