स्वतंत्रता दिवस पर बरसठी में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के नारों से गूंजा वातावरण
बरसठी, जौनपुर। 15 अगस्त, स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर बरसठी क्षेत्र में एक विशाल एवं भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा में हजारों की संख्या में लोगों ने भाग लिया और हाथों में तिरंगा लेकर “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्”, “जय हिंद” जैसे ओजस्वी नारों से सम्पूर्ण वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

इस तिरंगा यात्रा की अध्यक्षता राजापुर ग्राम निवासी युवा उद्योगपति एवं समाजसेवी अनूप सिंह ने की। यात्रा की शुरुआत बरसठी मियांचक तिराहे से हुई और यह उत्साह से लबरेज जनसमूह के साथ विभिन्न मार्गों से होते हुए किसान इंटर कॉलेज, रसूलहा तक पहुंची, जहां राष्ट्रगान के साथ इसका समापन हुआ।

कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पूर्व सांसद बी.पी. सरोज, पूर्व सांसद धनंजय सिंह, विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह प्रिंसू, डॉ. अजय सिंह, भूमि विकास बैंक के चेयरमैन प्रमोद सिंह, युवा समाजसेवी आलोक सिंह, प्रधान गुड्डू सिंह, आशिष सिंह, सुरेश चंद्र मिश्रा, अशोक मिश्रा, केशव शुक्ला, लाल बहादुर यादव और संतोष सिंह समेत अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
यात्रा मार्ग में स्थानीय लोगों द्वारा जगह-जगह फूल बरसाकर तिरंगा यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। देशभक्ति से सराबोर युवा, महिलाएं और बच्चे पूरे जोश और उल्लास के साथ यात्रा में शामिल हुए।
कार्यक्रम का समापन किसान इंटर कॉलेज परिसर में एक संगोष्ठी के साथ हुआ, जिसमें वक्ताओं ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को स्मरण करते हुए देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता बनाए रखने का संकल्प लिया।


