गोमती नदी में मिला अज्ञात शव, इलाके में मचा हड़कंप
जौनपुर जिले के चंदवक थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब गोमती नदी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव बहता हुआ दिखाई पड़ा। यह शव बलुआ गांव के समीप गोमती पुल के पास पानी में तैरता हुआ मिला। नदी में शव को सबसे पहले स्थानीय मछुआरों ने देखा, जिन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही हल्का इंचार्ज एसआई अनिल यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकलवाया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर आसपास के ग्रामीणों की मदद से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन शव की शिनाख्त नहीं हो सकी।
पुलिस ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 45 से 50 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। शव कई घंटे पुराना बताया जा रहा है। प्रथम दृष्टया किसी प्रकार की चोट या संघर्ष के निशान स्पष्ट नहीं मिले हैं, हालांकि वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चलेगा।
शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु जिला मर्चरी हाउस भेज दिया है। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और आसपास के थानों को भी सूचना दी गई है ताकि मृतक की शिनाख्त की जा सके।


