Jaunpur News:भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सम्मान संगोष्ठी का आयोजन

- भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सम्मान संगोष्ठी का आयोजन
जलालपुर—- भारतीय जनता पार्टी मछलीशहर द्वारा गुरुवार को क्षेत्र के आरडीएस ग्रुप ऑफ कॉलेज में भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सम्मान संगोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया।दो सत्रों में आयोजित संगोष्ठी में नेताओं ने बाबा साहेब के योगदान को याद करते हुए उनके सम्मान में पार्टी द्वारा किए गए कार्यों पर विस्तृत प्रकाश डाला और कांग्रेस पर बाबा साहेब के प्रति उपेक्षापूर्ण रवैये का आरोप लगाया। प्रथम सत्र में मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश मंत्री श्रीमती मीना चौबे ने अपने संबोधन में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने बाबा साहेब के सम्मान में कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। उन्होंने पंच तीर्थ स्थलों—महू (जन्मस्थली), नागपुर (दीक्षा भूमि), दिल्ली (परिनिर्वाण स्थली), मुंबई (चैत्य भूमि), और लंदन (अंबेडकर हाउस)—के विकास का उल्लेख किया, जो बाबा साहेब की स्मृति को संरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।आगे उन्होंने कहा, भाजपा ने बाबा साहेब के सपनों को साकार करने के लिए उनके विचारों को नीतियों में शामिल किया है। इसके विपरीत, कांग्रेस ने हमेशा बाबा साहेब को अपमानित करने का काम किया है ।उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे संविधान की प्रति हाथ में लहराकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास करते हैं, जबकि कांग्रेस ने व्यक्तिगत हितों के लिए अनेकों बार संविधान संशोधन किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि बाबा साहेब के विचारों को अपनाकर ही भारत सामाजिक न्याय और समानता की दिशा में आगे बढ़ सकता है।
द्वितीय सत्र में मुख्य अतिथि पूर्व संगठन मंत्री ओमप्रकाश जी ने अपने वक्तव्य में बाबा साहेब के प्रति भाजपा के सम्मान और कांग्रेस के कथित छल को उजागर किया। उन्होंने बताया कि 13 अप्रैल को बाबा साहेब की जयंती की पूर्व संध्या पर भाजपा ने उत्तर प्रदेश में 9,000 से अधिक स्थानों पर उनकी प्रतिमाओं के पास स्वच्छता अभियान चलाया और दीप प्रज्ज्वलन किया। इसके बाद 14 अप्रैल को उनकी जयंती पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। उन्होंने कहा, “यह भाजपा की बाबा साहेब के प्रति श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि नेहरू मंत्रिमंडल में बाबा साहेब को अपमानित किया गया, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें इस्तीफा देना पड़ा। बाबा साहेब के शिक्षा, समानता, और सामाजिक न्याय के लिए किए गए कार्यों को याद कर उनके विचारों को अपनाने और समाज में समता व बंधुत्व को बढ़ावा देने का संकल्प दिलाया।
संगोष्ठी की अध्यक्षता कर रहे मछलीशहर जिलाध्यक्ष डॉ. अजय कुमार सिंह ने स्वागत भाषण से अतिथियों का स्वागत किया,और बाबा साहेब के संविधान निर्माण में योगदान और सामाजिक समानता के लिए उनके संघर्षों को याद किया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री मेहीलाल गौतम ने किया।
इसके पूर्व कॉलेज की छात्राओं द्वारा बाबा साहेब के जीवन पर आधारित नाट्य मंचन प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम के उपरांत उपस्थित जनों द्वारा पहलगाम में बर्बर आतंकी घटना में जान गंवाने वाले हिन्दू पर्यटकों के स्मरण में 2 मिनट का मौन रखकर उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक डॉ. हरेंद्र प्रसाद सिंह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख संदीप सिंह, मेवालाल गौतम, ऊषा किरण, रामबचन सरोज, राजेंद्र प्रसाद श्रीवास्तव, मनोज दुबे, बृजनारायण दुबे, राजेश सोनकर, सत्यप्रकाश गौंड, अनुपमा राय, अजीत सोनकर, आशीष सरोज, अजय सोनकर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।