UPSSSC Recruitment 2022 – उत्तर प्रदेश में लेखपाल के 8085 पदों के लिए उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) जल्द ही परीक्षा आयोजित कर सकती है। प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (PET) के आधार पर की जा रही इस भर्ती के लिए अभ्यर्थी पिछले काफी समय से परीक्षा आयोजित किये जाने की मांग कर रहे हैं।
उत्तर प्रदेश में चल रहे विधानसभा चुनाव और कोरोना महामारी की वजह से इसके लिए अभी तक परीक्षा आयोजित नहीं की गई थी। अब राज्य में विधानसभा चुनाव खत्म हो चुके हैं और कोरोना महामारी की प्रभाव भी कम हो गया है, ऐसे में यह उम्मीद जताई जा रही है कि आयोग अगले कुछ दिनों के भीतर इस भर्ती के लिए परीक्षा की तारीखों का ऐलान कर सकती है।
उत्तर प्रदेश में आयोजित हो रही लेखपाल भर्ती में महिलाओं के लिए क्षैतिज रूप से 20 प्रतिशत सीटें आरक्षित हैं। लेखपाल के 8085 पदों पर होने वाली भर्ती में से 1604 पद महिलाओं के लिए क्षैतिज रूप से आरक्षित हैं और इस आरक्षण का लाभ सिर्फ उत्तर प्रदेश की महिलाओं को ही मिलेगा।
लिखित परीक्षा में लागू होंगे ये विशेष नियम
लेखपाल के 8085 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा में कुछ विशेष नियम लागू किये जायेंगे। दरअसल इस परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग की व्यवस्था लागू होगी और प्रत्येक गलत उत्तर के लिए अभ्यर्थियों का 0.25 मार्क्स काट लिया जाएगा। साथ ही इस परीक्षा में कुछ विशेष परिस्थितियों में नॉर्मलाइजेशन की व्यवस्था भी लागू की जा सकती है।
दरअसल लेखपाल भर्ती के लिए जारी किए गए नोटिफिकेशन के मुताबिक अगर इस भर्ती के लिए परीक्षा एक से अधिक शिफ्ट में आयोजित की जाती है, तो इसमें नॉर्मलाइजेशन की व्यवस्था लागू की जा सकती है। इस परीक्षा में अभ्यर्थियों से हिंदी, सामान्य ज्ञान, मैथ्स तथा ग्राम समाज एवं विकास विषयों से 100 अंक के 100 प्रश्न पूछे जाएंगे।